
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
महाराष्ट्र नगर निकाय (नगर परिषद और नगर पंचायत) के चुनावों में सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। महायुति 288 में से अब तक 200 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। इस बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार के जन-कल्याणकारी विजन की जीत बताया।
अमित शाह ने दी बधाई, जताया आभार
उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “महाराष्ट्र नगर पंचायत व नगर परिषद के चुनाव में महायुति को प्रचंड समर्थन देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार। यह विजय मोदी जी के नेतृत्व में NDA की केंद्र व राज्य सरकार के हर वर्ग के कल्याण के विजन पर जनता का आशीर्वाद है।” उन्होंने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार सहित एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को अपनी शुभकामनाएं दीं।
सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी बीजेपी
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा के सबसे अधिक सीटें जीतने पर अमित शाह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। खबर लिखे जाने तक महायुति गठबंधन ने राज्य की 288 नगर निकायों में से 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल की है। बीजेपी 118 निकायों में जीत हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने अब तक 59 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 37 सीटें मिली हैं।
ये भी पढ़ें-
CM योगी की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक, कार से जैसे ही उतरे सुरक्षा घेरे में घुस गई गाय; फिर…. VIDEO







































