
संसद की कार्यवाही।
Parliament Budget Session LIVE: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में भी अभी तक हंगामा ही देखने को मिला है। इस बीच शुक्रवार को भी संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। हालांकि आज भी कार्यवाही हंगामेदार होने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में एलपीजी के कथित संकट को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार के पास कांग्रेस, सपा, डीएमके और कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद एकत्र हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी सांसदों ने गैस सिलेंडर की आकृति वाली तख्तियां भी ले रखी थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध के बीच एलपीजी संकट पर चिंता जाहिर की और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराए जाने की मांग की। खरगे ने कहा कि पीएम मोदी को सदन में इस पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश को सच जानने का अधिकार है। खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मोदी सरकार के नकली सूत्र आधारित आश्वासन उसकी पूर्ण अक्षमता को उजागर करते हैं। पश्चिम एशिया में आसन्न युद्ध के बारे में पूर्वानुमान था। फिर भी सरकार ने भारत की ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित करने के लिए कुछ नहीं किया। अब संकट गहराता जा रहा है और आम लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।”
वहीं एलपीजी संकट को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “असल में हमारी एनर्जी सिक्योरिटी से कॉम्प्रोमाइज किया गया है। गलत विदेश नीति ने यह समस्या पैदा की है। अब हमें तैयारी करनी होगी। हमारे पास अभी भी थोड़ा समय बचा है। सरकार और प्रधानमंत्री को तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, नहीं तो करोड़ों लोगों को बहुत बड़ा नुकसान होगा। हम एक अस्थिर समय में जा रहे हैं। इस दौरान आपको अपनी सोच बदलनी होगी। मैं सरकार को यह सुझाव दे रहा हूं कि अब उन्हें गहराई से सोचना शुरू करना होगा और यह पक्का करना होगा कि हमारे लोगों को भारी नुकसान न हो। मैं कोई राजनीतिक बयान नहीं दे रहा हूं। मुझे दिख रहा है कि एक बड़ी समस्या आने वाली है। समस्या यह है कि प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम नहीं कर पा रहे हैं।







































