शिमला: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से कहर बरप रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश के सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 15 जुलाई तक राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। IMD ने राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं को लेकर भी चेतावनी दी है।
124 रोड़ बंद, 442 ट्रांसफार्मर ठप
भारी बारिश से कहर से कुल्लू में एक की शख्स की मौत हुई है। प्रदेश में 124 सड़कें बंद, 442 ट्रांसफार्मर ठप और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। मूसलाधार मानसूनी बारिश ने सिरमौर जिले के काला अंब औद्योगिक क्षेत्र सहित कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई है जहां जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और स्कूल बंद करने पड़े हैं। सिरमौर जिले के पच्छाद में राज्य में सबसे अधिक 207 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, इसके बाद नाहन में 158.5 मिलीमीटर जबकि धौलाकुआं में 70 मिलीमीटर और पांवटा साहिब में 62.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शिमला में भारी बारिश।
शिमला में दीवार गिरने से 2 वाहन क्षतिग्रस्त
बारिश की वजह से राजधानी शिमला में भी जनजीवन प्रभावित हुआ और शिमला ज़िले में वाहनों की आवाजाही के लिए 27 सड़कें बंद कर दी गईं। शहर के विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत के सामने बनी दीवार ढह गई। दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े 2 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि शिमला जिले के सुन्नी इलाके में अत्यधिक बारिश के कारण ब्रैंडली गांव में एक घर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानपरिसर में पानी घुस गया, जहां से अब लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम चल रहा है।
सिरमौर में नदियां-नाले उफान पर
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार घंटों के दौरान सिरमौर जिले में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि नाहन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। सिरमौर जिले की प्रमुख नदियां टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा तथा दर्जनों छोटे-छोटे नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों को इन नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
कुल्लू में बारिश के बाद उफान पर नदी।
जिले में बंद रहीं 34 सड़कें
बारिश का असर जिले की सड़कों पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, जिले में कुल 34 सड़कें बंद रहीं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21, संगड़ाह की आठ, नाहन की चार और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है।
सिरमौर में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में गुरुवार देर रात ही शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार तड़के नाहन, संगड़ाह, पच्छाद और राजगढ़ उपमंडलों के उपमंडलाधिकारियों (SDM) ने भी अलग-अलग आदेश जारी कर दिए। दिन में IMD द्वारा भारी बारिश और बादल गरजने का अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर सिरमौर जिले के पांवटा के SDM द्विज गोयल ने शुक्रवार को उपमंडल के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया। यह फैसला स्टूडेंट्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया। हालांकि, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहेंगे और उन्हें ड्यूटी से छूट नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें-
पहली ही बारिश में कागज की तरह बहा 7 करोड़ का पुल, देवास से सामने आया वीडियो, उठ रहे गंभीर सवाल







































